कर्नाटक के कोडागु  जिले स्थित दुबारे एलीफेंट कैंप में एक दर्दनाक हादसे में महिला टूरिस्ट की मौत हो गई। चेन्नई की रहने वाली 33 वर्षीय ज्यूनेश हाथियों को नहाते हुए देख रही थीं  तभी अचानक दो हाथियों के बीच हिंसक लड़ाई शुरू हो गई। इस दौरान एक हाथी का संतुलन बिगड़ गया और वह महिला के ऊपर गिर पड़ा  जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार  हादसा उस समय हुआ जब कंचन नामक हाथी ने दूसरे हाथी मार्तंडा पर हमला कर दिया। महावतों ने हाथियों को काबू करने की काफी कोशिश की  लेकिन दोनों बेकाबू हो गए। लड़ाई के दौरान मार्तंडा हाथी महिला के ऊपर गिर पड़ा और उठने की कोशिश में उसे कई बार कुचल दिया। घटना के बाद कैंप में अफरा तफरी मच गई। महिला को बचाने की कोशिश की गई  लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है  जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। कर्नाटक के वन मंत्री ईश्वर बी खंड्रे ने घटना पर दुख जताते हुए अधिकारियों को वाइल्डलाइफ पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित हाथियों के व्यवहार का भी पूरी तरह अनुमान लगाना मुश्किल होता है  इसलिए पर्यटकों को जानवरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए। वन विभाग ने अब पर्यटकों के लिए नए सुरक्षा नियम लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पर्यटकों को हाथियों को छूने  उनके साथ फोटो लेने  नहलाने या खाना खिलाने जैसी गतिविधियों से रोका जाए। हाल के महीनों में हाथियों के हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले महीने  छत्तीसगढ़ में एक जंगली हाथी ने 55 वर्षीय व्यक्ति को कुचलकर मार डाला था  जबकि मार्च में उत्तर प्रदेश  के बहराइच में भी एक बुजुर्ग महिला हाथी के हमले में जान गंवा चुकी थीं।