प्रयागराज  के सिविल लाइंस इलाके में रविवार दोपहर होटल विट्ठल में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि होटल से तेज लपटें और धुएं का घना गुबार दूर तक दिखाई दिया। दमकल विभाग के मुताबिक दोपहर 1 38 बजे सुभाष चौराहा स्थित होटल विट्ठल में आग लगने की सूचना मिली  जिसके बाद Uttar Pradesh Fire Service की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। CFO प्रयागराज के निर्देशन में फायर ब्रिगेड और सिविल लाइंस की टीमों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार होटल के अंदर एक दर्जन से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई  जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे रहे। घटना की गंभीरता को देखते हुए योगी आदित्यनाथ  ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों का दावा है कि पास के ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट होने के बाद आग लगी  हालांकि प्रशासन ने अभी तक आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौके पर CFO चंद्र मोहन शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। होटल सिविल लाइंस के व्यस्त इलाके में स्थित है  जहां आसपास कई दफ्तर और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स मौजूद हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।