जामताड़ा में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिलेवासियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की अपील की है। उपायुक्त ने कहा कि मई और जून 2026 के दौरान भीषण लू की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य  शिक्षा नगर निकाय आपदा प्रबंधन समेत सभी विभाग सतर्क रहें। प्रशासन ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने  हल्के सूती कपड़े पहनने और दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक धूप से बचने की सलाह दी है। बच्चों  बुजुर्गों गर्भवती महिलाओं और मजदूरों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में ORS  दवाइयों और आइस पैक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल और छाया की व्यवस्था करने तथा स्कूलों के समय में बदलाव करने को लेकर भी दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में सामाजिक सुरक्षा कोषांग की समीक्षा बैठक भी आयोजित हुई  जिसमें मईया सम्मान योजना सहित विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभुकों के भौतिक सत्यापन कार्य की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी लाभुकों का सत्यापन 30 मई तक पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने बीडीओ को रेंडम निरीक्षण करने तथा आधार और मोबाइल से जुड़े लंबित मामलों को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए।