सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई  जब सासाराम से आरा होते हुए पटना जाने वाली ट्रेन संख्या 53212 सासाराम पटना पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी में अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार  देखते ही देखते आग ने एक पूरी बोगी को अपनी चपेट में ले लिया और धुआं तेजी से फैलने लगा। इससे यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन  Railway Protection Force  और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती समय में आग बुझाने में काफी दिक्कतें आईं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टेशन पर पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था नहीं थी। कई अग्निशमन सिलेंडरों में गैस नहीं थी और पानी की पाइपलाइन भी काम नहीं कर रही थी। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। बाद में सुरक्षा के मद्देनजर जली हुई बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया गया। स्टेशन परिसर में धुएं का गुबार फैलने से यात्रियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना रहा। संजीव कुमार  ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है  हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। वहीं मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्‍वती चंद्र ने बताया कि ट्रेन प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर खड़ी थी और प्रभावित कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था। सुबह 6 बजे बोगी को अलग कर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और करीब 6  बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना में किसी यात्री या रेलकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।