साहिबगंज: चहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने की। इसमें पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया।
6 अगस्त को निकलेगा चहल्लुम का जुलूस
बैठक में चहल्लुम के अवसर पर निकाले जाने वाले जुलूस, ताजिया और अखाड़ा के समय एवं निर्धारित रूट पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने सभी आयोजकों से तय रूट और समय का पालन करने की अपील की।
राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने बताया कि तीनपहाड़ में 6 अगस्त को चहल्लुम मनाया जाएगा। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और सभी धर्मों के प्रति सम्मान की भावना के साथ पर्व मनाने की अपील की।
अफवाहों और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की अपील
पुलिस प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि पुलिस या प्रशासन से करने के बाद ही उस पर विश्वास करें।
बैठक में कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
बैठक में तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडेय, एएसआई ललन राजवार, मो. नाजीम लड्डू, हासिम अंसारी, अब्दुल्ला अंसारी, शाहिद रिजवी, शंभु भगत, सकील अंसारी, मो. सैफी, समशेर, कबीर, राजा अशरफी, माशूक सहित विभिन्न समुदायों के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है।














