जकार्ता: इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास रविवार को एक यात्री जहाज में भीषण आग लगने से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें अब तक 225 यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

271 लोग थे जहाज पर सवार

इंडोनेशिया की राष्ट्रीय रेस्क्यू एजेंसी के अनुसार, हादसे के समय जहाज में 271 यात्री और क्रू सदस्य मौजूद थे। जहाज पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर की ओर जा रहा था। इसी दौरान मदुरा द्वीप के पास जहाज में अचानक आग लग गई।

लापता लोगों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही कई बचाव जहाज और राहत दल मौके पर भेजे गए। समुद्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। राहत एजेंसियां लापता लोगों का पता लगाने में जुटी हैं और आसपास के समुद्री क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है। इंडोनेशियाई प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा तकनीकी खराबी, मानवीय भूल या किसी अन्य वजह से हुआ।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

इंडोनेशिया में समुद्री परिवहन के दौरान इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।

जुलाई 2025 में KM Barcelona 5 नामक यात्री जहाज में आग लगने से 3 लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 150 लोगों को सुरक्षित बचाया गया था।
साल 2021 में KM Karya Indah जहाज में आग लगने के बाद यात्रियों को समुद्र में कूदना पड़ा था। उस हादसे में 181 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था।

विशेषज्ञों का मानना है कि दुनिया के सबसे बड़े द्वीपसमूह देशों में शामिल इंडोनेशिया में समुद्री परिवहन पर अत्यधिक निर्भरता और मौसम संबंधी चुनौतियों के कारण ऐसे हादसे समय-समय पर सामने आते रहते हैं।