शादी का दबाव बना हत्या की वजह! परसुडीह केनाल में मिले महिला के शव मामले का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले
के परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह केनाल से 26 जुलाई को बरामद महिला के शव मामले का
पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतका उसके ऊपर शादी का दबाव बना रही थी,
जिससे परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर
शव को केनाल में फेंक दिया। 26 जुलाई की सुबह परसुडीह थाना क्षेत्र के
कलियाडीह केनाल में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना
मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में मृतका की पहचान जुगसलाई
बंगालीपाड़ा निवासी 45 वर्षीय किरण देवी के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को
देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज,
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के
आधार पर छोटा बांदुआ (पोटका) निवासी दासमत बास्के को संदिग्ध के रूप
में चिन्हित किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात
स्वीकार करते हुए बताया कि किरण देवी लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थीं।
इसी वजह से उसने उनकी हत्या कर शव को केनाल में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या
में इस्तेमाल की गई टीवीएस स्कूटी, एक काला टी-शर्ट, गुलाबी रंग का बैग और बैंगनी
रंग का छींटदार ट्राउजर बरामद किया है। इस मामले के खुलासे में पुलिस उपाधीक्षक सुमीत
कुमार, परसुडीह
थाना प्रभारी अविनाश कुमार तथा विशेष जांच टीम
के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सिटी
एसपी ललित मीणा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
गया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।26 जुलाई
को केनाल में मिला था महिला का शव
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपी तक
पहुंची पुलिस
हत्या में प्रयुक्त स्कूटी समेत कई
सामान बरामद
विशेष जांच टीम की भूमिका अहम














