नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को पूर्वी विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक समारोह में सरकारी स्कूलों की नौवीं कक्षा की छात्राओं को 'विद्या वाहिनी' योजना के तहत साइकिलें वितरित कीं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकारी स्कूलों की छात्राओं को 'विद्या वाहिनी' साइकिलें प्रदान करते हुए उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि सम्मान का प्रतीक है, जो छात्राओं को सुरक्षित रूप से स्कूल आने-जाने में मदद करेगी।

पहले चरण में 3,000 छात्राओं को मिली साइकिल

अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष के बजट में घोषित योजना के पहले चरण के तहत 3,000 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गई हैं। अगले महीने चरणबद्ध तरीके से दिल्ली के विभिन्न सरकारी स्कूलों की छात्राओं को कुल 1.40 लाख साइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी।

उपस्थिति बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनाने की पहल

सरकार के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंच आसान बनाना, उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ाना तथा उन्हें अधिक आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है। सरकार का मानना है कि इस पहल से छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और उनके स्कूल छोड़ने की संभावना भी कम होगी।