दिल्ली में ऑपरेशन वीजा स्टेटस वेरिफिकेशन के तहत 6 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, वीजा शर्तों के उल्लंघन का आरोप
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ की
फॉरेनर सेल ने वीजा नियमों का
उल्लंघन करने वाले विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन वीजा स्टेटस वेरिफिकेशन' के तहत छह बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। यह
कार्रवाई सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के होटलों और गेस्ट हाउसों में चलाए गए विशेष
सत्यापन अभियान के दौरान की गई। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान नबी करीम थाना क्षेत्र के अराकशन रोड
स्थित एक होटल में छह बांग्लादेशी
नागरिक ठहरे हुए मिले। उनके पासपोर्ट,
वीजा और इमिग्रेशन रिकॉर्ड की जांच में
पता चला कि वे सभी 'डबल एंट्री वीजा' पर भारत आए थे। जांच में सामने आया कि इस वीजा के तहत
प्रत्येक यात्रा में उन्हें
अधिकतम 15 दिनों तक भारत में रहने की अनुमति थी। हालांकि, सभी छह नागरिक
निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में रुके रहे और बिना किसी वैध अनुमति या वीजा
विस्तार (Extension) के वीजा शर्तों का उल्लंघन किया। इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में
लेकर फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) के समक्ष पेश किया। एफआरआरओ ने उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई
शुरू करते हुए रिस्ट्रिक्शन ऑर्डर
जारी किया है। डिपोर्टेशन (निर्वासन) की
प्रक्रिया पूरी होने तक सभी को हिरासत में रखा जाएगा। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान शफी इमाम नफीस सिद्दीकी (31), याह्या
एहतेशाम (31), आसिफ मोल्ला (21),
एमडी बुलबुल हुसैन (20), हसन
शेख (24) और मोस्त तिशा खातून (21) के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि राजधानी में
विदेशी नागरिकों के वीजा सत्यापन का अभियान आगे भी जारी रहेगा। जो भी विदेशी
नागरिक वीजा की शर्तों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे,
उनके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त
कार्रवाई की जाएगी।














