एक माह बाद भी लापता आदिवासी नाबालिग बहनें, पांकी विधायक ने प्रशासन को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
पलामू: पांकी थाना क्षेत्र से दो आदिवासी
नाबालिग बहनों के कथित अपहरण का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को एक
माह बीत जाने के बावजूद दोनों बच्चियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों
में चिंता और आक्रोश है। इस बीच पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने पीड़ित परिवार से
मुलाकात कर प्रशासन को 48 घंटे
के भीतर कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है। जानकारी के अनुसार, पांकी थाना क्षेत्र के सकलदीपा
उरांव टोला से 17 वर्षीय
और 7 वर्षीय दो आदिवासी
नाबालिग बहनों के कथित अपहरण का मामला सामने आया था। परिजनों का कहना है कि घटना
के बाद से दोनों बच्चियों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने
आरोप लगाया कि वसीम अंसारी ने जमशेद
अंसारी के सहयोग से दोनों बच्चियों का कथित अपहरण किया। उन्होंने कहा
कि पुलिस ने जमशेद अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन मुख्य आरोपी वसीम अंसारी अभी भी
फरार है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मुख्य
आरोपी के फरार रहने के दौरान उसके भाई शमशेर अंसारी द्वारा लगातार
धमकियां दी जा रही हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें जातिसूचक गालियां दी जा रही
हैं और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी जा रही है, जिससे वे भय के माहौल में जी रहे हैं। विधायक ने प्रशासन से मांग की कि 48
घंटे के भीतर दोनों बच्चियों की सकुशल
बरामदगी और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा
नहीं हुआ तो भारतीय जनता पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार की
सुरक्षा, निष्पक्ष जांच और
दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की भी मांग की। मामले की जानकारी मिलने के बाद लेस्लीगंज
एसडीपीओ प्रशांत कुमार और पांकी थाना पुलिस की टीम ने पीड़ित
परिवार से मुलाकात की। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही
है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी तथा दोनों बच्चियों की बरामदगी के लिए लगातार
छापेमारी की जा रही है। घटना
के बाद पूरे इलाके में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक
संगठनों ने भी दोनों बच्चियों की जल्द सकुशल बरामदगी और दोषियों के खिलाफ सख्त
कार्रवाई की मांग की है।एक महीने बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
मुख्य आरोपी अब भी फरार होने का आरोप
पीड़ित परिवार ने धमकी देने का लगाया
आरोप
48 घंटे
का अल्टीमेटम, आंदोलन की
चेतावनी
पुलिस ने जांच और छापेमारी जारी होने
की कही बात














