बोकारो: सावन माह के पावन अवसर पर रविवार को चंदनकियारी के सितानाला स्थित दामोदर नदी घाट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध गौरीनाथ धाम, चिड़का में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र जल का संकल्प लेकर दामोदर नदी से जल भरा और 'बोल बम' के जयघोष के साथ अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु

जल यात्रा में चंदनकियारी के विभिन्न गांवों के अलावा धनबाद जिले के भौंरा, मोहलबनी, सुदामडीह समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से दामोदर नदी में स्नान कर कांवर में जल भरा और पैदल यात्रा शुरू की।

भगवा वस्त्र धारण किए कांवरियों की टोलियों से झरिया-चंदनकियारी-चिड़का मार्ग पूरे दिन भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

हर साल सितानाला घाट से उठाया जाता है जल

स्थानीय लोगों के अनुसार सावन महीने में गौरीनाथ धाम जाने वाले अधिकांश श्रद्धालु परंपरा के अनुसार सितानाला घाट से ही जल उठाते हैं। इसी कारण यहां हर वर्ष हजारों शिवभक्तों की भीड़ उमड़ती है।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने संभाली व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। अमलाबाद ओपी प्रभारी कौशलेंद्र कुमार, चंदनकियारी थाना प्रभारी अमित कुमार राय तथा बरमसिया ओपी प्रभारी शैलेंद्र कुमार पासवान अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहे।

जगह-जगह लगे सेवा शिविर

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बगुला डायरी, हरदयाल शर्मा चौक, पुरूलिया रोड सहित कई स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए। इन शिविरों में कांवरियों के लिए पेयजल, विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

इस सेवा कार्य में अशोक पांडेय, संतोष पांडेय, राजू कुमार रजवार, माधव राय, जय कुमार गोराई, बरन रजवार, आशीष रजवार, दिनेश रजवार, परेश रजवार और हीरालाल रजवार समेत कई समाजसेवियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

सोमवार को शिवालयों में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

सोमवार को चंदनकियारी क्षेत्र के गौठेश्वर धाम, भैरव धाम, चेचका धाम तथा गौरीनाथ धाम (चिड़का) सहित विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।