लोहरदगा पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने लग्जरी महिंद्रा थार वाहन से करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि लग्जरी वाहन के जरिए ब्राउन शुगर की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक सह लोहरदगा थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।इसके बाद चंदवा लोहरदगा रोड पर कुजरा स्थित दुर्गा मंदिर के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान काले रंग की महिंद्रा थार JH01EF0040 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चालक सीट के नीचे बिछे मैट के अंदर सफेद कागज में छिपाकर रखा गया करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।पुलिस ने मौके से वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजन नायक अंबेडकर नगर लोहरदगा और राजन कुमार महतो ईंटा लोहरदगा के रूप में हुई है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लोहरदगा थाना कांड संख्या 80/26 के तहत NDPS एक्ट की धारा 17, 21b, 22b एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।