सुपौल में किसान ने कंधे पर उठाकर मगरमच्छ पहुंचाया थाने, निकला पूरी तरह असली
सुपौल : तेजी से वायरल हो रहे
किसान द्वारा कंधे पर मगरमच्छ उठाकर ले जाने वाले की पुष्टि हो गई है। यह घटना 1
अगस्त 2026 को बिहार के सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र
के लालपुर गांव में हुई थी। इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि कई राष्ट्रीय मीडिया
संस्थानों और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी रिपोर्टों में भी हुई है। जानकारी के अनुसार, किसान अमित कुमार पासवान
धान के खेत में काम कर रहे थे, तभी वहां करीब 5
फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया। अचानक मगरमच्छ दिखने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी
मच गई, लेकिन लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे बिना नुकसान पहुंचाए
काबू कर लिया और सुरक्षा के लिए उसका मुंह रस्सी से बांध दिया। अमित कुमार सबसे पहले मगरमच्छ को लेकर कटैया स्थित वन विभाग कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां कोई
कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने मगरमच्छ को अपने कंधे पर उठाया और
पैदल भीमनगर थाना
पहुंच गए। रास्ते में लोगों ने इस अनोखे
दृश्य का वीडियो बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने तत्काल वन
विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को अपने कब्जे में
लेकर स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया, जिसके बाद उसे
सुरक्षित रूप से कोसी नदी
में छोड़ दिया गया। वन विभाग के
अधिकारियों ने बताया कि मानसून के दौरान जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ जैसे जलीय जीव कई
बार अपने प्राकृतिक आवास से निकलकर खेतों और आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं। इस घटना के बाद वन विभाग ने लोगों से
अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में मगरमच्छ या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो स्वयं
उन्हें पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग या पुलिस को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम
सुरक्षित रेस्क्यू कर सके।















