जामताड़ा: जामताड़ा के ऐतिहासिक गांधी मैदान स्थित जामताड़ा क्लब परिसर में रविवार को चतुर्थ झारखंड राज्य आर्म रैसलिंग प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन आर्म रैसलिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड के निर्देशानुसार जामताड़ा जिला आर्म रैसलिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी विपिन दुबे, विशिष्ट अतिथि हॉकी झारखंड के संयुक्त सचिव सुरजीत झा, लवली दुबे, अमित सिंह, अखिल झा, प्रीति कुमारी तथा आर्म रैसलिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड के महासचिव दीपक दुबे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।

13 जिलों के 133 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मेजबान जामताड़ा सहित धनबाद, बोकारो, गोड्डा, दुमका, देवघर, रांची, गढ़वा, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां समेत विभिन्न जिलों से कुल 133 बालक, बालिका, पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु और भार वर्ग में हिस्सा लिया।

खिलाड़ियों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

मुख्य अतिथि विपिन दुबे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का उत्साह और तैयारी यह दर्शाती है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विशिष्ट अतिथि सुरजीत झा ने कहा कि वर्तमान समय में खेलों के क्षेत्र में करियर की अपार संभावनाएं हैं। केंद्र और राज्य सरकार लगातार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही हैं।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन

आर्म रैसलिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड के महासचिव दीपक दुबे ने बताया कि इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक जम्मू-कश्मीर में आयोजित होने वाली 48वीं राष्ट्रीय आर्म रैसलिंग प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इनकी रही अहम भूमिका

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अमित राय, भास्कर चांद, सूरज कुमार पासवान, बजरंग प्रियरंजन, विभाष कुमार, सौगत माहाता, विजय तिवारी, मीणा पंडित, मौसम कुमारी, धीरज साहू, कृष सरकार, गौरांग सिंह, सोनू मल्लिक और मयंक पांडे सहित कई पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।