सरायकेला खरसावां चांडिल टाटा रांची राष्ट्रीय राजमार्ग NH 33 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चिलगु निवासी जितेन दास की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह ट्रक की चपेट में आ गए जिससे घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना चिलगु के समीप हुई। हादसा इतना भीषण था कि जितेन दास को बचाने का मौका नहीं मिल सका। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और टाटा रांची मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब से NH 33 पर वनवे व्यवस्था लागू की गई है तब से दुर्घटनाओं और मौतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने की मांग की।सड़क जाम के कारण टाटा रांची मार्ग पर कई घंटों तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। लंबी दूरी तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए NH 33 पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।