आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार 22 मई सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक निजी स्लीपर डबल डेकर बस दुर्घटना का शिकार हो गई. हादसे के बाद बस में भीषण आग लग गई  जिससे अफरा तफरी मच गई. जानकारी के मुताबिक  हादसा मतसेना थाना क्षेत्र में पिलर नंबर 46 के पास हुआ. निजी बस एक कैंटर से टकरा गई  जिसके बाद बस में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई. हादसे में बस चालक और कंडक्टर की मौत हो गई है. वहीं  करीब 15 से 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं. कुछ यात्रियों ने समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचाई.

प्रशासन के अनुसार  घायलों में से पांच लोगों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. अन्य घायलों को शिकोहाबाद और सैफई के अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया. आग पर काबू पाने के साथ ही घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया.

प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी के अनुसार  कैंटर से टक्कर के बाद बस में आग लगी  लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह सामने आएगी.