राजस्थान की राजधानी जयपुर में बकरीद के मौके पर ईदगाह और मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की. इस दौरान जयपुर के ईदगाह के बाहर दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर हजारों लोग सड़क पर नमाज पढ़ते दिखाई दिए  जिसके चलते हाईवे काफी देर तक जाम रहा.

बताया जा रहा है कि जयपुर ईदगाह में करीब एक लाख लोगों ने बकरीद की नमाज अदा की  जबकि ईदगाह परिसर की क्षमता महज पांच से सात हजार लोगों की है. जगह कम पड़ने के कारण बड़ी संख्या में लोग ईदगाह के बाहर सड़क और हाईवे पर नमाज पढ़ने लगे. इसके चलते दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ.

सिर्फ ईदगाह ही नहीं  बल्कि जयपुर की जामा मस्जिद समेत कई अन्य मस्जिदों के बाहर भी लोगों ने सड़कों पर नमाज अदा की. इसको लेकर विश्व हिंदू परिषद और बीजेपी नेताओं ने विरोध जताया.

हवा महल सीट से बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य ने सड़क पर नमाज पढ़ने पर सवाल उठाते हुए मुस्लिम समुदाय से सार्वजनिक स्थानों पर नमाज नहीं पढ़ने की अपील की. उन्होंने पशु कुर्बानी की जगह केक काटकर त्योहार मनाने की भी सलाह दी.

वहीं कांग्रेस विधायक रफीक खान ने बीजेपी नेताओं के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बीजेपी समाज में नफरत फैलाने की राजनीति कर रही है और धार्मिक मामलों को मुद्दा बनाकर लोगों को बांटने का प्रयास किया जा रहा है.

इस बीच नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी. घरों में सेवइयों और मिठाइयों के जरिए त्योहार की खुशियां बांटी गईं. कई स्थानों पर कुर्बानी की रस्म भी अदा की गई.

जयपुर ईदगाह में नमाज के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील भी की गई और समाज में अमन-चैन बनाए रखने की दुआ मांगी गई.