उत्तर प्रदेश के कानपुर में तेज रफ्तार का खतरनाक असर एक बार फिर देखने को मिला। कानपुर देहात स्थित बारा टोल प्लाजा पर एक तेज रफ्तार कंटेनर ने टोल लेन में खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है  जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार  कंटेनर अकबरपुर से कानपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान कानपुर देहात के बारा टोल प्लाजा पर टोल कटवाने के लिए एक कार लेन में खड़ी थी। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए कंटेनर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर से उड़े कार के परखच्चे

हादसे के बाद कार टोल बैरियर को तोड़ते हुए आगे तक घिसट गई और गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारी भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

चालक कंटेनर लेकर भागा  पीछा कर रोका गया

हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि टोल कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और पेट्रोल पंप के पास कंटेनर को रोक लिया।

बताया जा रहा है कि कंटेनर रुकने के बाद चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच जारी

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।