महाराष्ट्र में एक बार फिर जहरीली शराब ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है. पुणे और पिंपरी चिंचवड़ में जहरीली शराब पीने से अब तक 13 लोगों की मौत हो गई है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार  पिंपरी-चिंचवड़ के दापोडी और फुगेवाड़ी इलाके में 8 लोगों की मौत हुई जबकि पुणे के काले पड़ल इलाके में 3 और हडपसर इलाके में 2 लोगों ने दम तोड़ दिया. सभी मृतकों ने कथित तौर पर एक ही सप्लाई की शराब पी थी.

शराब पीने के बाद बिगड़ी हालत

स्थानीय लोगों के मुताबिक  शराब पीने के कुछ समय बाद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. कई लोगों के मुंह से झाग निकलने लगा और हालत गंभीर हो गई. परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश करते रहे  लेकिन कई लोगों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.

स्पिरिट मिलाकर तैयार की गई थी शराब

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब में जहरीले केमिकल और स्पिरिट मिलाई गई थी. बताया जा रहा है कि यह शराब योगेश वानखेडे नामक व्यक्ति द्वारा तैयार की गई थी  जो लंबे समय से अवैध शराब कारोबार से जुड़ा हुआ है.

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी योगेश वानखेडे को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि जहरीली शराब का नेटवर्क कितना बड़ा है.

इलाके में दहशत, जांच जारी

घटना के बाद प्रभावित इलाकों में दहशत का माहौल है. पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.