मध्य प्रदेश के सागर जिला अस्पताल में भीषण गर्मी के बीच कूलर की हवा को लेकर बड़ा हंगामा हो गया। महिला मेडिसिन वार्ड नंबर 6 में मरीजों और उनके परिजनों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात करीब 1 30 बजे वार्ड में भर्ती मरीजों के बीच कूलर के सामने सोने और ठंडी हवा लेने को लेकर विवाद शुरू हुआ। गर्मी और उमस से परेशान लोग पहले बहस करने लगे  लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। झगड़े में महिलाएं भी शामिल रहीं  जिससे वार्ड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि महिला मेडिसिन वार्ड में करीब 40 मरीज भर्ती हैं  लेकिन पूरे वार्ड में सिर्फ दो कूलर लगे हुए हैं। वहीं कई दीवार वाले पंखे लंबे समय से खराब पड़े हैं। भीषण गर्मी में पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से मरीजों और तीमारदारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हंगामे की आवाज सुनकर ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया गया। हालांकि इस दौरान वार्ड में भर्ती अन्य मरीज और उनके परिजन दहशत में आ गए। मरीजों और उनके परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल प्रशासन गर्मी से राहत देने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं कर पा रहा है। उनका कहना है कि अगर वार्ड में पर्याप्त कूलर और पंखों की व्यवस्था होती तो इस तरह की नौबत नहीं आती। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले को शांत करा दिया गया है  लेकिन वायरल वीडियो ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।