धनबाद जिले के निरसा क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर पंचायत के राजपुरा स्थित सोलह आना तालाब में बड़ी संख्या में मछलियों के मरने और सड़ने से इलाके में दुर्गंध फैल गई है। पिछले करीब दस दिनों से तालाब में मृत मछलियां पड़ी रहने के कारण ग्रामीणों में बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है।ग्रामीणों के अनुसार तालाब में स्थानीय निवासी सुमित चटर्जी द्वारा मछली पालन किया जाता है। करीब दस दिन पहले मछलियों के मरने की शुरुआत हुई थी लेकिन अब तक तालाब की सफाई नहीं कराई गई है।लोगों का कहना है कि सड़ रही मछलियों से निकल रही दुर्गंध के कारण आसपास रहना मुश्किल हो गया है।ग्रामीणों ने बताया कि इस तालाब का उपयोग आसपास के लोग स्नान के लिए करते हैं और कई पशु भी इसी तालाब का पानी पीते हैं। ऐसे में संक्रमण और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है।ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सफाई की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।वहीं मछली पालन करने वाले सुमित चटर्जी ने कहा कि मृत मछलियों को हटाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तालाब की सफाई के लिए संबंधित लोगों से संपर्क किया गया है और जल्द सफाई पूरी कर ली जाएगी।उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि कुछ लोग उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।