रुद्रपुर टायर गोदाम में भीषण आग 50 लाख का नुकसान
उत्तराखंड
के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में गुरुवार को एक टायर गोदाम में भीषण आग लगने
से इलाके में अफरा तफरी मच गई। रुद्रपुर के छतरपुर क्षेत्र
स्थित गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा गोदाम
धुएं और आग की लपटों से घिर गया। आग इतनी भयावह थी कि कई किलोमीटर दूर तक
काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और फायर
ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए एक दर्जन से ज्यादा
दमकल वाहनों को लगाया गया। फायर कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत
के बाद आग पर नियंत्रण पाया। सुरक्षा को देखते हुए गोदाम के आसपास रहने वाले लोगों
को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक गोदाम में बड़ी
मात्रा में टायर और इंडस्ट्रियल स्क्रैप रखा हुआ था जिसकी
वजह से आग तेजी से फैलती चली गई। आगजनी की इस घटना में करीब 50 लाख रुपये से ज्यादा के नुकसान का
अनुमान लगाया जा रहा है। गोदाम मालिक के अनुसार गोदाम में खड़ी
पांच मोटरसाइकिलें भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गईं। फिलहाल आग लगने के
कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में
जुटी हुई है।














