जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में CRPF जवानों की सतर्कता और इंसानियत की मिसाल देखने को मिली। जम्मू श्रीनगर नेशनल हाईवे NH44 पर तैनात जवानों ने समय रहते CPR देकर एक ड्राइवर की जान बचा ली। इस पूरी घटना का CCTV वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक यह घटना दक्षिण कश्मीर के कुलगाम इलाके की है जहां हाईवे सुरक्षा में तैनात CRPF  की 90वीं बटालियन के जवान ड्यूटी पर मौजूद थे। तभी श्रीनगर से कुलगाम की ओर जा रही एक कार अचानक सड़क किनारे रुक गई। कार रुकते ही वहां मौजूद एक जवान तुरंत वाहन की तरफ बढ़ा। शुरुआती जांच में ड्राइवर बेहद परेशान और असहज दिखाई दिया। स्थिति गंभीर देखते हुए जवानों ने तुरंत अपने अन्य साथियों और अधिकारियों को बुलाया। जवानों ने बिना समय गंवाए ड्राइवर को CPR  देना शुरू किया और साथ ही मेडिकल सहायता के लिए सूचना भेजी। मौके पर मौजूद एक अन्य नागरिक ने भी मदद की और ड्राइवर को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार जवानों ने तुरंत समझ लिया था कि मामला हार्ट अटैक का है। सही समय पर CPR  और प्राथमिक उपचार मिलने की वजह से ड्राइवर की जान बच गई। यह पूरी घटना CRPF के बुलेटप्रूफ मोबाइल बंकर वाहन में लगे CCTV  कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सामने आने के बाद लोग जवानों की तारीफ कर रहे हैं। CRPF की 90वीं बटालियन के कमांडेंट के प्रताप सिंह ने कहा कि जवानों ने बेहद पेशेवर तरीके से काम किया। उन्होंने बताया कि गोल्डन आवर के भीतर मरीज को अस्पताल पहुंचाना और समय पर CPR देना उसकी जान बचाने में अहम साबित हुआ।