रामगढ़ समाहरणालय परिसर में पतरातू हेसला पंचायत के ग्रामीणों ने जियाडा कंपनी और प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे और संविधान के अनुच्छेद 21 की हत्या बंद करो जैसे नारे लगाए।प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि अप्रैल 2026 से मई 2026 तक चल रही अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई के कारण स्थानीय लोगों में भारी चिंता और आक्रोश है।ग्रामीणों के अनुसार हेसला पंचायत में लगभग 900 मकान और करीब 5500 की आबादी निवास करती है। इसके अलावा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की सरकारी योजनाएं भी संचालित हैं।ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि पूरे हेसला पंचायत में केवल 12.59 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई थी, तो फिर 222 एकड़ जमीन खाली कराने के लिए नोटिस क्यों जारी किया जा रहा है।ग्रामीणों ने प्रशासन और जियाडा से जमीन अधिग्रहण से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की। उनका कहना है कि बिना स्पष्ट जानकारी के लोगों को हटाने की कार्रवाई उचित नहीं है।मौके पर सुधांशु मिश्रा महेंद्र पाठक मुकेश यादव सरवर आलम सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।