रामगढ़ आगामी बकरीद पर्व के मद्देनजर शनिवार को रामगढ़ समाहरणालय में उपायुक्त श्री ऋतुराज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में शांति समिति एवं अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक की शुरुआत में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी को बकरीद पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शांति समिति सदस्यों से शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर सुझाव लिए गए।बैठक के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से पर्व के दौरान विधि व्यवस्था सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को पूरे पर्व के दौरान सतर्क रहने और अपने अपने क्षेत्रों की गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया।उपायुक्त एवं एसपी ने पीसीआर और पैंथर टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह की स्थिति में तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना देने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।बैठक में सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप ग्रुप की निगरानी पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च आयोजित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।