रांची विश्वविद्यालय ने डिजिटल संचार और शैक्षणिक संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वॉयस ऑफ आरयू नाम से वीडियो पॉडकास्ट श्रृंखला की शुरुआत की है। इस श्रृंखला के पहले एपिसोड की रिकॉर्डिंग 19 मई 2026 को विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन स्टूडियो में की गई।पॉडकास्ट के पहले अंक में कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने ऊर्जा ईंधन एवं संसाधन संरक्षण विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने और संसाधनों के संयमित उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में ऊर्जा बचत और संसाधन संरक्षण से जुड़े प्रयासों की भी जानकारी दी।इस दौरान विश्वविद्यालय की पीआरओ डॉ. स्मृति सिंह ने विशेष प्रश्नावली के माध्यम से कुलपति से संवाद किया।कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय राज्य का सबसे पुराना और प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय है तथा इसकी शैक्षणिक उपलब्धियों नवाचारों और गतिविधियों को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन में उपलब्ध आधुनिक स्टूडियो सुविधाओं का उपयोग नियमित पॉडकास्ट रिकॉर्डिंग के लिए किया जाएगा।विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार वॉयस ऑफ आरयू का प्रसारण अब प्रत्येक सप्ताह किया जाएगा। इसमें विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम करियर अवसर शोध एवं नवाचार, विशेष दिवस आधारित कार्यक्रम और विशेषज्ञों के विचार शामिल किए जाएंगे।पॉडकास्ट के संचालन और समन्वय में डॉ. बसंत कुमार झा, डॉ. स्मृति सिंह एवं विभागीय टीम की भूमिका रही। रिकॉर्डिंग के दौरान संतोष उरांव पीएस तिवारी मनोज कुमार शर्मा निरंजन कुमार एवं शुभमय भट्टाचार्जी उपस्थित रहे।विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि पॉडकास्ट को रांची विश्वविद्यालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी कर दिया गया है।