गिरिडीह जिले में एक नाबालिग से जुड़े मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संतोष राम के रूप में हुई है जो बेंगाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सदर अस्पताल में एक 14 वर्षीय किशोरी द्वारा नवजात को जन्म दिए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अस्पताल प्रशासन सक्रिय हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई।अस्पताल प्रशासन के अनुसार चिकित्सकीय देखभाल के लिए किशोरी और नवजात को चैताडीह स्थित मातृत्व एवं शिशु इकाई में भर्ती कराया गया जहां दोनों का इलाज जारी है।मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।