दिल्ली विधानसभा में हाई वोल्टेज ड्रामा, AAP-BJP विधायक आमने-सामने, 650 करोड़ के कथित दवा घोटाले पर हंगामा
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को सदन में उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक आमने-सामने आ गए। AAP विधायक कुलदीप कुमार और BJP विधायक रवि नेगी अपनी-अपनी सीटों से उठकर एक-दूसरे के सामने आ गए, जिसके बाद सदन में तीखी बहस और जोरदार नोकझोंक शुरू हो गई। स्थिति को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष और अन्य विधायकों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। हालांकि, हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए बाधित रही। सदन में 650 करोड़ रुपये के कथित दवा घोटाले का मुद्दा प्रमुखता से उठा। आम आदमी पार्टी के विधायकों ने इस मामले को लेकर सरकार को घेरते हुए स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान विपक्ष की ओर से जोरदार नारेबाजी की गई, जिसके जवाब में सत्ता पक्ष ने भी विरोध दर्ज कराया। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा और सदन का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। इससे पहले दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत राष्ट्रगीत के साथ हुई। सदन ने महरौली अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों और पूर्व विधायक बलजौर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद विभिन्न दलों के विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े जनहित और स्थानीय मुद्दों को सदन में उठाकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।650 करोड़ रुपये के कथित दवा घोटाले पर गरमाई राजनीति
राष्ट्रगीत के साथ शुरू हुआ मानसून सत्र















