ऑल वैली कैजुअल मजदूर संघ अनिश्चितकालीन धरना चंद्रपुरा थर्मल वेज बोर्ड वेतन मांग
धनबाद डीवीसी
की विभिन्न यूनिटों में कार्यरत कैजुअल कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर चंद्रपुरा
थर्मल पावर स्टेशन में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। ऑल वैली कैजुअल मजदूर
संघ के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन में मैथन चंद्रपुरा हजारीबाग मेजिया बोकारो और
दुर्गापुर समेत विभिन्न क्षेत्रों के सैकड़ों मजदूर शामिल हैं। जानकारी के
अनुसार डीवीसी मैथन यूनिट से करीब 200 कैजुअल कर्मी धरना स्थल पर पहुंचे हैं। आंदोलनरत मजदूरों का कहना है कि वे
वर्षों से स्थायी प्रकृति का कार्य कर रहे हैं लेकिन उन्हें न
तो स्थायी कर्मियों जैसी सुविधाएं मिल रही हैं और न ही थर्मल वेज बोर्ड के अनुसार
वेतन दिया जा रहा है। मजदूरों का
आरोप है कि वर्तमान में उन्हें मात्र 18 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह भुगतान
किया जा रहा है जो बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन की लागत के मुकाबले बेहद कम
है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है। ऑल वैली कैजुअल
मजदूर संघ के नेता रंजीत महतो ने कहा कि कैजुअल कर्मियों का वर्षों से आर्थिक और
सामाजिक शोषण हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब देश के अन्य क्षेत्रों में
कर्मचारियों को बेहतर वेतनमान और सुविधाएं मिल रही हैं तो डीवीसी के
कैजुअल कर्मियों को भी थर्मल वेज बोर्ड के अनुरूप वेतन और अन्य लाभ दिए जाने
चाहिए। धरना दे रहे
मजदूरों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया
जाता तब तक उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन को लेकर डीवीसी प्रबंधन
की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।














