धनबाद बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मरिचो पंचायत अंतर्गत पारघो गांव में एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक की पहचान दिलीप हांसदा 35 वर्ष के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया है।परिजनों के अनुसार बुधवार दोपहर दिलीप हांसदा गांव के बाहर स्थित तालाब में स्नान करने गया था। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। मृतक के भाई प्रकाश हांसदा ने बताया कि देर रात तक परिवार और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।गुरुवार सुबह ग्रामीणों की सहायता से तालाब में दोबारा खोज अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दिलीप हांसदा का शव तालाब से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना से पूरे गांव में मातम छा गया।घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि दिलीप चौधरी मौके पर पहुंचे और बरवाअड्डा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जनप्रतिनिधि दिलीप चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी गोविंदपुर अंचलाधिकारी को दे दी गई है और मृतक के आश्रितों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है।फिलहाल पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।