निरसा धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक 5 वर्षीय आदिवासी बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।जानकारी के अनुसार आरोपी बच्ची का रिश्ते में मामा बताया जा रहा है। आरोप है कि उसने बच्ची को घर में अकेला पाकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो बच्ची गंभीर रूप से घायल और बेसुध अवस्था में घर में पड़ी मिली। इसके बाद परिजन उसे तत्काल धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल SNMMCH लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना के बाद निरसा के मालिकडीह बस्ती में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग करते हुए फांसी देने की मांग उठाई है।इधर घटना के बाद फरार आरोपी के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया। धनबाद पुलिस के अनुसार आरोपी मनोज मरांडी को कालूबथान ओपी क्षेत्र के भूरसा गांव से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। लोग मासूम बच्ची को न्याय दिलाने और दोषी को कठोरतम सजा देने की मांग कर रहे हैं।