पलामू झारखंड के पलामू जिले के राजहरा रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया जब एक लंबी मालगाड़ी लॉन्ग हॉल के 15 वैगन पटरी से उतर गए। घटना के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया और कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया।जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब मालगाड़ी को अप लाइन तीसरी लाइन से रिवर्सिबल लाइन पर डायवर्ट किया जा रहा था। दुर्घटना दोपहर करीब 1:15 बजे राजहरा स्टेशन के समीप हुई। मालगाड़ी एसएलसीएस साइडिंग से रवाना हुई थी और दोपहर 12:55 बजे केएफटी स्टेशन से गुजरी थी।रेलवे सूत्रों के मुताबिक तीन इंजन और 116 वैगनों वाली इस लंबी मालगाड़ी में इंजन संख्या 44438 से गिनती करने पर 18वें वैगन से शुरू होकर कुल 15 वैगन पटरी से उतर गए। हादसे में रेलवे के ओवरहेड इलेक्ट्रिक OHE सिस्टम को भी भारी नुकसान पहुंचा है। किलोमीटर संख्या 302/23 पर स्थित ओएचई पोल क्षतिग्रस्त हो गया और बिजली के तार भी टूट गए।घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने बरवाडीह से दुर्घटना राहत ट्रेन ART और क्रेन को घटनास्थल के लिए रवाना किया। रेलवे के इंजीनियर और तकनीकी टीम युद्धस्तर पर राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हुई है।ट्रैक बहाली के लिए रेलवे के कैरिज एंड वैगन C&W विभाग ने चार पोकलेन और दो जेसीबी मशीनों की मांग की है। क्षतिग्रस्त वैगनों को हटाने और रेल मार्ग को सामान्य करने का कार्य लगातार जारी है।इस हादसे का असर यात्री ट्रेनों पर भी पड़ा है। रेलवे ने बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन 08635 तथा 18635 रांची सासाराम एक्सप्रेस को रद्द कर दिया है। वहीं रांची राजधानी एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर परिचालन किया जा रहा है।रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द से जल्द ट्रैक तथा ओएचई व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि रेल सेवाएं सामान्य हो सकें।