विश्व तम्बाकू निषेध दिवस अभियान
देवघर के मधुपुर मे विश्व तम्बाकू निषेध
दिवस के अवसर पर प्रशासन ने तम्बाकू उत्पादों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए
विद्यालयों के आसपास के क्षेत्रों को तम्बाकू मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण
कदम उठाया। मधुपुर अनुमंडल अंतर्गत पाथरोल बाजार में अंचलाधिकारी सह प्रभारी बीडीओ ऋषि
राज एवं
थाना प्रभारी दिलीप कुमार बिलुंग के नेतृत्व में
अभियान चलाकर स्कूलों के 100 मीटर
दायरे को तम्बाकू मुक्त जोन घोषित किया गया। अभियान
के दौरान अधिकारियों ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा विद्यालयों के आसपास
संचालित दुकानों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई दुकानों से गुटखा सिगरेट खैनी एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद जब्त किए
गए। अधिकारियों
ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि विद्यालयों के 100 मीटर की परिधि में तम्बाकू उत्पादों की
बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में
कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अंचलाधिकारी
ऋषि राज ने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे की लत से बचाने तथा स्वस्थ समाज के
निर्माण के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। वहीं थाना प्रभारी दिलीप कुमार बिलुंग
ने कहा कि प्रशासन का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और तम्बाकू उत्पाद बेचने वालों
पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन
की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहनीय बताया है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने
उम्मीद जताई कि इससे बच्चों एवं युवाओं को तम्बाकू के दुष्प्रभावों से बचाने में
मदद मिलेगी तथा क्षेत्र में स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण का निर्माण होगा। विश्व
तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर चलाया गया यह अभियान लोगों में जागरूकता बढ़ाने और
नशा मुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।















