हजारीबाग जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंदूर पंचायत में दो मासूम भाई बहन के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के विरोध में लोगों ने झंडा चौक जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।जानकारी के अनुसार बीते दिन सिंदूर पंचायत भवन के समीप स्थित तालाब से एक अज्ञात बच्ची का शव बरामद हुआ था। शव को सबसे पहले एक चरवाहे ने देखा जिसके बाद पंचायत समिति सदस्य नीलम देवी के पति को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।बाद में शव की पहचान उत्तर प्रदेश से खिलौने बेचने आए एक व्यक्ति की बेटी के रूप में हुई जो पिछले पांच दिनों से लापता थी। इसी मामले में बुधवार को बच्ची के दो वर्षीय भाई का शव भी सिंदूर क्षेत्र के एक कुएं से बरामद किया गया। लगातार दो बच्चों के शव मिलने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी पुलिस को पहले ही दी जा चुकी है लेकिन अब तक उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी को लेकर लोगों ने झंडा चौक जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों को समझाने के लिए सदर विधायक प्रदीप प्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर जल्द कार्रवाई की मांग की।विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था के मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान कोयला और बालू तस्करी जैसे मामलों पर अधिक है जबकि आम लोगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था की स्थिति पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले का शीघ्र निष्पादन कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों बच्चों की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।