बोकारो बेरमो थाना क्षेत्र के ढोरी पांच नंबर धौड़ा में 29 मई को हुई गर्भवती महिला अनीता देवी की हत्या के मामले को लेकर सोमवार को भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी धनबाद सांसद ढुल्लू महतो और गिरिडीह सांसद सीपी चौधरी पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे।नेताओं ने मृतका के पति महेश भुइयां से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।मुलाकात के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने कथित कोयला माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। लोगों का कहना था कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने के साथ साथ न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर सहयोग करने का आश्वासन दिया।इसके बाद चपरी रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि कोयला माफियाओं के आतंक के कारण एक दलित गर्भवती महिला की हत्या कर दी गई जो बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है।उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं करता है तो भाजपा इस मामले को लेकर व्यापक आंदोलन करेगी।भाजपा नेताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए हुए है।