गिरिडीह  जिले के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणडीह में धड़ल्ले से चल रहे अवैध महुआ शराब कारोबार के खिलाफ सोमवार देर शाम महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। दर्जनों महिलाओं ने पचंबा थाना पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि कल्याणडीह में खुलेआम महुआ शराब की बिक्री की जा रही है जिससे पूरे इलाके का सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। उनका कहना है कि शराब के नशे में धुत लोग आए दिन उत्पात मचाते हैं जिससे महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ गया है।महिलाओं ने बताया कि अवैध शराब कारोबार का विरोध करने पर तस्कर और उनके सहयोगी मारपीट करने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हैं। इससे ग्रामीणों के बीच भय का माहौल बना हुआ है। महिलाओं का आरोप है कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गडरमा से कल्याणडीह तक लगातार महुआ शराब की सप्लाई की जा रही है।प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि कई बार स्थानीय युवकों ने शराब लेकर जा रहे लोगों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन कथित तौर पर ऊंची पहुंच और संरक्षण के कारण आरोपी कार्रवाई से बच निकलते हैं। विरोध करने वालों को भी लगातार धमकियां दी जाती हैं।पचंबा थाना पहुंची महिलाओं ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अवैध शराब कारोबार पर जल्द लगाम नहीं लगाई गई और शराब तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।महिलाओं ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।महिलाओं के प्रदर्शन और थाना घेराव से साफ है कि कल्याणडीह में अवैध शराब का मुद्दा अब जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। स्थानीय लोगों की निगाहें अब पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।