हजारीबाग शहर के बड़ा बाजार थाना से जामा मस्जिद रोड तक हाल ही में किए गए सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी और सवाल दोनों बढ़ते जा रहे हैं। नागरिकों का आरोप है कि पुरानी सड़क को हटाए बिना ही उसके ऊपर पतली डामर परत बिछाकर निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य रात के समय कराया गया और कई स्थानों पर पुरानी जर्जर सड़क को उखाड़े बिना ही नई परत बिछा दी गई। लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं हुआ तो पहली बारिश में ही सड़क क्षतिग्रस्त हो सकती है।इस मामले का एक और पहलू चर्चा में है। बताया जा रहा है कि यह सड़क नगर निगम के वार्ड संख्या 14, 17 और 30 से होकर गुजरती है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि संबंधित वार्ड प्रतिनिधियों को भी निर्माण योजना की विस्तृत जानकारी नहीं थी। हालांकि इस संबंध में विभागीय स्तर पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।स्थानीय नागरिकों ने यह भी सवाल उठाया है कि सड़क निर्माण कार्य किस विभाग द्वारा, किस योजना के तहत और कितनी लागत से कराया जा रहा है, इसकी सार्वजनिक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर योजना संबंधी सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया था।क्षेत्र के नागरिकों ने जिला प्रशासन, नगर निगम एवं संबंधित विभागों से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने तथा पूरी परियोजना की तकनीकी समीक्षा करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार एजेंसी एवं संबंधित संवेदक पर कार्रवाई होनी चाहिए।फिलहाल सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का माहौल है और सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच एवं आधिकारिक स्पष्टीकरण पर टिकी हुई हैं।