गिरिडीह में वज्रपात से तीन महिलाएं गंभीर घायल
गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत
धनायडीह पंचायत के गुरो गांव में शनिवार को वज्रपात की घटना में तीन महिलाएं गंभीर
रूप से घायल हो गईं जबकि एक अन्य महिला को मामूली चोटें आई
हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घायलों को तत्काल इलाज के
लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बसंती देवी कामता देवी रध्या देवी और देवंती देवी खेत में काम कर रही
थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश
से बचने के लिए चारों महिलाएं अपने घर लौट रही थीं। बताया जाता है कि जब महिलाएं बसंती देवी
के घर के समीप पहुंचीं तभी
अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और चारों इसकी चपेट में आ गईं। इस हादसे में बसंती
देवी कामता देवी और रध्या देवी गंभीर रूप से
घायल हो गईं जबकि देवंती
देवी को हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के
ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल
में तीनों गंभीर रूप से घायल महिलाओं का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनका
उपचार निगरानी में किया जा रहा है जबकि
देवंती देवी की हालत सामान्य बताई गई है। घटना के बाद पूरे गांव में चिंता और
दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बारिश और आंधी के दौरान खुले स्थानों तथा खेतों
में काम करने के जोखिम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं परिजनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों
को आवश्यक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रशासन द्वारा भी मामले की जानकारी ली
जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।














