मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026 के तहत उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ऋतुराज की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित एनईसी कक्ष में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने और मैपिंग कार्य में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।

उपायुक्त ने अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मैपिंग कार्य की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि मैपिंग कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सभी संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

13 14 और 15 जून को लगेगा विशेष कैंप

मतदाताओं की सुविधा और शत-प्रतिशत मैपिंग सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 13 14 और 15 जून को तीन दिवसीय विशेष मैपिंग शिविर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे और आने वाले मतदाताओं का मैपिंग कार्य पूरा करेंगे।

उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि वे इन तीन दिनों के दौरान अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपनी जानकारी का सत्यापन एवं मैपिंग अवश्य कराएं  ताकि भविष्य में मतदान से संबंधित किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

बैठक के दौरान उपायुक्त ऋतुराज ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट  BLA  को भी सक्रिय करें  ताकि कोई भी पात्र मतदाता मैपिंग प्रक्रिया से वंचित न रहे।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी रविन्द्र कुमार गुप्ता  विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा जिला निर्वाचन शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।