देशभर में साइबर अपराध के लिए चर्चित जामताड़ा जिले में पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।

इस संबंध में साइबर डीएसपी अमित रविदास ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल एवं पुलिस अवर निरीक्षक चन्द्रमणि भारती के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिण्डारी सकलपुर और तिलैया (केन्दुआटांड़) गांवों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया।

छापेमारी के दौरान पिण्डारी दास टोला निवासी प्रीतम दास (25 वर्ष)  विनोद दास (23 वर्ष) तथा बरमुण्डी निवासी मो. तूफान उर्फ तूफान अंसारी (28 वर्ष) को साइबर ठगी करते हुए गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी बैंक ग्राहकों को झांसे में लेकर उनकी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद ई-वॉलेट और अन्य डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर खातों से अवैध रूप से रकम निकाल लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से साइबर अपराध में प्रयुक्त 10 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं। जब्त मोबाइल और सिम कार्ड की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच के दौरान साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों का भी खुलासा हो सकता है।

साइबर डीएसपी अमित रविदास ने कहा कि जामताड़ा पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। साइबर ठगी में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।