आत्महत्या मामले में पत्नी और ससुराल पक्ष पर केस दर्ज
भवनाथपुर
थाना क्षेत्र के ढेकुलिया गांव निवासी
ऋषभ विश्वकर्मा उर्फ चंदन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले
लिया है। मृतक का शव बीते बुधवार की रात उसकी वेल्डिंग दुकान में फांसी के फंदे से
लटका हुआ मिला था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है। जानकारी
के अनुसार, मौत से पहले ऋषभ विश्वकर्मा ने एक वीडियो जारी किया था जिसमें
उसने अपनी पत्नी एवं ससुराल पक्ष के लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का
आरोप लगाया था। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। घटना
की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के
लिए भेज दिया। इसके बाद मृतक के पिता ने भवनाथपुर थाना में लिखित आवेदन देकर अपने
पुत्र की पत्नी सास ससुर
एवं फुआ सास के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन
में आरोप लगाया गया है कि ससुराल पक्ष द्वारा लगातार मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना
किए जाने के कारण ऋषभ लंबे समय से तनाव में था। परिजनों का कहना है कि इसी मानसिक
दबाव के चलते उसने यह कदम उठाया। घटना
के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है जबकि
गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस
ने दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया
कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट वीडियो
और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।















