गढ़वा  के श्री बंशीधर नगर स्थित डॉ. सिद्धनाथ क्लिनिक के सामने संचालित अनिल सर्विस सेंटर में रविवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते सर्विस सेंटर में रखे मोटरसाइकिल के पार्ट्स  स्पेयर पार्ट्स  ग्रीस और अन्य सामान जलकर राख हो गए। घटना में करीब 5 से 6 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

सर्विस सेंटर के संचालक अनिल दास ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और पूरे सर्विस सेंटर को अपनी चपेट में ले चुकी थी।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया  लेकिन आग की तीव्रता के कारण अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और देर तक इस अग्निकांड की चर्चा होती रही।

आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना से आहत अनिल दास ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। वहीं सूचना मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी भी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित दुकानदार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

इस अग्निकांड से स्थानीय व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से आग सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और पीड़ित को उचित मुआवजा देने की मांग की है।