उदय सिंह हत्याकांड पर फूटा जनाक्रोश
पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के चिल्हो खुर्द
निवासी ग्रामीण चिकित्सक उदय सिंह की निर्मम हत्या के विरोध में शनिवार को लोगों
का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने छतरपुर
थाना का घेराव करते हुए मुख्य मार्ग को जाम कर दिया जिससे
लगभग तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में
लोग मौके पर जुट गए और हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की
मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक दोषियों की
गिरफ्तारी नहीं होती तब
तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन
हरकत में आया। छतरपुर अंचल पदाधिकारी (सीओ) सह बीडीओ आशीष कुमार एसडीओ गणेश महतो नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता
एवं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने
प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है तथा सभी
दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद धीरे-धीरे
स्थिति सामान्य हुई और सड़क जाम समाप्त कराया गया। हालांकि घटना को लेकर क्षेत्र
में तनाव का माहौल बना हुआ है। इधर उदय सिंह हत्याकांड में पलामू पुलिस ने
त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में
एक आरोपी सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने
स्वीकार किया है कि मृतक उदय सिंह के साथ उसका रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल
रहा था। इसी विवाद के कारण उसने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार
पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का
मोबाइल फोन घटना के समय पहने गए कपड़े तथा वारदात
में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस
ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच
की जा रही है।















