पारा शिक्षक हत्याकांड का खुलासा
पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित पारा शिक्षक उदय कुमार
सिंह हत्याकांड का पलामू पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले
में पुलिस ने आरोपी पारा शिक्षक सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक
जांच में हत्या के पीछे पैसों का विवाद मुख्य कारण बताया गया है। छतरपुर
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता में जानकारी
देते हुए बताया कि मृतक उदय कुमार सिंह और आरोपी सुरेंद्र यादव के बीच गहरी दोस्ती
थी। दोनों पारा शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। आरोपी सुरेंद्र यादव छतरपुर थाना
क्षेत्र के दारूदाग स्थित विद्यालय में पदस्थापित है। पुलिस
जांच में यह बात सामने आई कि उदय कुमार सिंह ने सुरेंद्र यादव को 25 हजार रुपये उधार दिए थे। बाद में दोनों
के बीच पैसों को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसी विवाद के दौरान उदय कुमार सिंह
द्वारा 50 हजार रुपये की मांग
किए जाने को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता चला गया। जांच
के दौरान मिले साक्ष्यों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी सुरेंद्र यादव ने
धारदार हथियार से हमला कर उदय कुमार सिंह की गर्दन काटकर हत्या कर दी। घटना को
अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। हत्या
की गंभीरता को देखते हुए पलामू पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार
पर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी और पूछताछ कर आरोपी को गिरफ्तार कर
लिया। पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के
तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। एसडीपीओ
प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है और
हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।















