धनबाद के निरसा  मे फिटनेस  स्वास्थ्य और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वाईएसी क्लब द्वारा रविवार को मैथन मैराथन 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस मैराथन में करीब 350 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और पूरे कार्यक्रम में युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

मैराथन को निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो और डीवीसी मैथन के उप महाप्रबंधक सुखमय नायक ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ की शुरुआत मैथन लेफ्ट बैंक से हुई और प्रतिभागियों ने 5 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए मैथन एरिया नंबर-4 तक का सफर पूरा किया।

मैराथन के दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। स्कूली छात्र-छात्राओं  युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे रूट पर स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी  जबकि डीवीसी की ओर से एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी।

प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश के बनारस निवासी अजय कुमार पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 15 मिनट में 5 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया।

वहीं महिला वर्ग में रांची खेल गांव की पूजा सिंह ने 16 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

बच्चों की दौड़ में पश्चिम बंगाल के संथालडीह की 8 वर्षीय अनुपमा मंडल ने 28 मिनट में दूरी पूरी कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उनकी प्रतिभा और जज्बे की सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम के समापन समारोह में धनबाद के मेयर संजीव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेताओं को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर खेल और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देने की बात कही।

वाईएसी क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि मैथन मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।