बाघमारा धनबाद 12 घंटे में महुदा हत्याकांड का खुलासा बेटे ने रची पिता की हत्या की साजिश
बाघमारा धनबाद महुदा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज
हलीम शेख हत्याकांड का पुलिस ने 12 घंटे
से भी कम समय में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि
पारिवारिक जमीन विवाद के चलते मृतक के पुत्र ने ही अपने पिता की हत्या की साजिश
रची थी। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।रविवार
को महुदा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार विमल ने बताया कि
भुरूंगिया बस्ती निवासी हलीम शेख
का अपने मंझले पुत्र मोहम्मद
इश्तियाक के साथ जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी
विवाद के चलते कथित रूप से इश्तियाक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की
योजना बनाई।पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर शेख शाहबाज हलीम शेख को बक्सा
बनाने के बहाने घर से कुलटांड़ जंगल ले गया। वहां सुनसान स्थान पर तीनों आरोपियों
ने धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छोड़कर
फरार हो गए।दोपहर करीब 3:30 बजे
स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव देखा और महुदा थाना को सूचना दी। मौके पर पहुंची
पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन और आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की और
जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी
अजीत कुमार विमल के नेतृत्व में विशेष जांच दल एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी और
मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए
माथाटांड़ निवासी शेख
शाहबाज को गिरफ्तार कर लिया तथा उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।डीएसपी
ने बताया कि शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और
उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और
समन्वित प्रयासों के कारण शव बरामद होने के कुछ ही घंटों के भीतर पूरे मामले का
खुलासा संभव हो सका।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवादों का समाधान
संवाद और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से करें तथा छोटी छोटी बातों को हिंसा का रूप न दें।















