सरिया गिरिडीह जिले के बड़की सरिया क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर पर कथित हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिद्धिविनायक हॉस्पिटल से जुड़े डॉक्टर शिव प्रसाद पर क्रिकेट बैट से हमला कर किशोर तन्मय कुमार को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया गया है। घायल तन्मय का इलाज फिलहाल धनबाद स्थित पीएमसीएच PMCH में चल रहा है जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।पीड़ित के दादा शिव शंकर प्रसाद द्वारा सरिया थाना में दिए गए शिकायत पत्र के अनुसार रविवार शाम करीब पांच बजे तन्मय अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। खेल के दौरान गेंद पास स्थित सिद्धिविनायक हॉस्पिटल परिसर की ओर चली गई। आरोप है कि गेंद लेने पहुंचे तन्मय को देखकर डॉक्टर शिव प्रसाद नाराज हो गए और उसके हाथ से क्रिकेट बैट छीन लिया।शिकायत के मुताबिक इसके बाद डॉक्टर ने कथित तौर पर उसी बैट और लात घूंसों से तन्मय की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए गए जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा।घटना के बाद परिजन तन्मय को तत्काल बगोदर अस्पताल ले गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल PMCH धनबाद रेफर कर दिया। वहां उसके सिर की गंभीर चोटों और संभावित फ्रैक्चर की जांच के लिए सीटी स्कैन एवं एक्स-रे सहित अन्य चिकित्सकीय परीक्षण किए जा रहे हैं।परिजनों ने आरोपी डॉक्टर की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल घटना को लेकर इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग निष्पक्ष जांच के साथ दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।