लोहरदगा शहर के लहेरी मोहल्ला स्थित राणा चौक में अवस्थित राम लखन हनुमान मंदिर की 15वीं वर्षगांठ रविवार को श्रद्धा आस्था और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पांच कुमारी कन्याओं द्वारा की गई भव्य महाआरती श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल और जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा।वर्षगांठ समारोह के अवसर पर मंदिर को रंग बिरंगे फूलों आकर्षक झालरों और विद्युत सज्जा से भव्य रूप से सजाया गया था। संध्या होते ही रोशनी से जगमगाते मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीराम लक्ष्मण एवं हनुमान जी के दर्शन के लिए पहुंचे और पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की।मंदिर के पुजारी रामसेवक पाठक एवं जीतू पाठक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से विशेष पूजा एवं हवन संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर परिवार की खुशहाली क्षेत्र की समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की।कार्यक्रम का सबसे विशेष आकर्षण पांच कुमारी कन्याओं  पूजा कुमारी राजनंदनी कुमारी प्रियंका कुमारी सृष्टि पांडेय एवं भावना मित्तल द्वारा की गई दिव्य महाआरती रही। पारंपरिक वेशभूषा में दीपों के साथ की गई आरती ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु हाथ जोड़कर आरती में शामिल हुए और भगवान के जयघोष के साथ भक्ति में लीन नजर आए।महाआरती के उपरांत इन पांचों कन्याओं को उनके धार्मिक योगदान के लिए परमेश्वर साहू, मनीष साहू एवं दीपा साहू द्वारा साफा पहनाकर तथा राम दरबार का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से आयोजित इस समारोह में महिला पुरुष युवा और बच्चों सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया और सभी ने भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी से क्षेत्र में सुख शांति और समृद्धि की कामना की।धार्मिक आस्था सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक समरसता का यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन गया जहां भव्य सजावट वैदिक अनुष्ठान और कुमारी कन्याओं की महाआरती ने सभी का मन मोह लिया।