पति-पत्नी के रिश्ते में बढ़ते विवाद ने अब कानूनी और सामाजिक रूप ले लिया है। झरिया के नीचे रजवाड़ी निवासी वेदांता पाठक और उनकी पत्नी तन्नू तिवारी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए हैं। मामले को लेकर पति पक्ष ने पत्नी एवं उसके परिजनों पर घर में घुसकर हंगामा करने  मारपीट का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार  भूली डी ब्लॉक निवासी तन्नू तिवारी की शादी वर्ष 2022 में झरिया के वेदांता पाठक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच संबंधों में खटास आ गई और विवाद बढ़ता चला गया।

वेदांता पाठक  उनकी मां कामिनी पाठक और मोहल्ले के लोगों ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि 22 मई को तन्नू तिवारी अपने परिवार एवं कुछ अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंची और गाली-गलौज करते हुए हंगामा किया। आरोप है कि घर का दरवाजा बंद होने पर उसे तोड़ने का प्रयास किया गया और परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई।

परिजनों के अनुसार  शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और सूचना मिलने पर झरिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची  जिसके बाद स्थिति शांत हुई। कामिनी पाठक का कहना है कि उन्होंने उसी दिन पुलिस को लिखित शिकायत दी थी  लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है  जिससे परिवार में भय का माहौल है।

वहीं वेदांता पाठक ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी का किसी अन्य युवक से संबंध था  जिसकी जानकारी ससुराल पक्ष को पहले से थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब उनकी संपत्ति हड़पने की कोशिश की जा रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

मोहल्ले के कुछ लोगों ने भी दावा किया कि 22 मई को घर के बाहर हंगामा हुआ था और दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया गया था।

दूसरी ओर  मामले में पत्नी पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस संबंध में झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।