पलामू के छतरपुर मे हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आइडियल पत्रकार संगठन की छतरपुर अनुमंडलीय इकाई द्वारा शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार गौरी शंकर सिंह उर्फ बुद्धिनारायण सिंह ने की  जबकि संचालन उमेश कुमार भारती ने किया। कार्यक्रम का नेतृत्व अनुमंडलीय अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर संगठन के मुख्य राष्ट्रीय सलाहकार संजय पांडेय  जिला अध्यक्ष अजीत पाठक  अतिथि कमलकांत जी सहित कई वरिष्ठ पत्रकार एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अजीत पाठक ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में पत्रकारों को निष्पक्षता  ईमानदारी और सच्चाई के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने युवा पत्रकारों से समाज के गरीब वंचित और जरूरतमंद लोगों की आवाज बनने का आह्वान किया।

मुख्य राष्ट्रीय सलाहकार संजय पांडेय ने पत्रकारों की सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा बताते हुए संगठन को मजबूत करने और छतरपुर में संगठन का स्थायी कार्यालय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

अतिथि कमलकांत जी ने पत्रकारों को निरंतर अध्ययन और लेखन की आदत विकसित करने की सलाह देते हुए कहा कि खूब पढ़ो और खूब लिखो  ही एक सफल पत्रकार की पहचान है। उन्होंने पत्रकारिता में ज्ञान और अध्ययन के महत्व पर प्रकाश डाला।

अनुमंडलीय अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने पत्रकारों के अधिकार  सुरक्षा और संगठन की मजबूती को लेकर अपने विचार व्यक्त किए तथा सभी पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

बैठक के दौरान संगठन का विस्तार भी किया गया। वरिष्ठ पत्रकार गौरी शंकर सिंह उर्फ बुद्धिनारायण सिंह एवं धर्मेंद्र कुमार सिंह उर्फ रिंकू सिंह को जिला संयुक्त सचिव मनोनीत किया गया। वहीं पत्रकार अरविंद अग्रवाल को छतरपुर अनुमंडलीय इकाई का उपाध्यक्ष बनाया गया।

इस अवसर पर जिला संयुक्त सचिव निरंजन कुमार सिन्हा एवं अनुमंडलीय अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह को पदभार प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया। बैठक में हरिहरगंज से प्रसिद्ध कुमार  राघव पासवान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में पत्रकारों के हित, सम्मान और सुरक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।